ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चूहड़पुर खादर इलाके की झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में आठ से दस झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

अग्निशमन अधिकारी द्वारा बताया गया कि,यह हादसा थाना इकोटेक प्रथम क्षेत्र के अंतर्गत रविवार शाम करीब पांच बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और आसपास की झुग्गियों को तेजी से अपनी चपेट में लेने लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग तुरंत मौके पर पहुंच गया।जबकि दमकल विभाग की तत्परता से बीस से पच्चीस झुग्गियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत और करीब एक घंटे की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बिजली के खंभे से निकली चिंगारी बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच अभी जारी है।

शाम पांच बजे सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम को रवाना किया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि आठ से दस झुग्गियां पूरी तरह जल गई हैं, लेकिन समय रहते कार्रवाई से बड़े नुकसान को टाल लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित