ग्रेटर नोएडा , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा दादरी विधानसभा क्षेत्र के बिसाहड़ा गाँव में प्रस्तावित 100 शैय्यायुक्त चिकित्सालय के निर्माण को लेकर हुई समीक्षा बैठक।
शनिवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दादरी विधायक तेजपाल नागर की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक की जानकारी साझा करते हुए जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि, चिकित्सालय निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन, राजस्व अभिलेखों की स्थिति तथा निर्माण कार्य से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक तेजपाल नागर ने इस दौरान दादरी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के संबंध में भी कई प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता और अब तक की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि परियोजना का कार्य जल्द प्रारंभ कराया जा सके। उन्होंने समीक्षा बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिकित्सालय निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का चिन्हांकन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी कर शासन को नियमानुसार आख्या भेजी जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनहित से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसके निर्माण से दादरी क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित