ग्रेटर नोएडा , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना पुलिस ने जीटी रोड पर चलती कार से गोलीबारी करने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, चार तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस और घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद की है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस ने बुधवार को जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि,15 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बुलंदशहर से दादरी की ओर जाने वाले जीटी रोड पर टोयोटा ग्लैंजा कार में सवार कुछ युवकों ने फायरिंग की है। सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित कीं।
आज मानवीय खुफिया एवं गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अम्बुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास कच्चे रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र सोरन सिंह निवासी साकीपुर, थाना सूरजपुर, नीटू उर्फ कुलदीप पुत्र स्वर्गीय ज्ञानेन्द्र निवासी बड़पुरा, थाना दादरी तथा मनोज उर्फ गुड्डू पुत्र चाहतराम निवासी बरमदपुर, थाना गुलावटी, बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस ने राहुल के कब्जे से एक पिस्टल, और एक तमंचा, नीटू उर्फ कुलदीप के कब्जे से एक पिस्टल और एक तमंचा, तथा मनोज उर्फ गुड्डू के कब्जे से दो तमंचे, बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 32 जिंदा कारतूस,32 बोर 19 खोखा कारतूस .32 बोर 108 खोखा कारतूस .315 बोर, दो तमंचों की नाल तथा घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार भी बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे सभी कार में सवार होकर बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे एक वाहन चालक द्वारा लगातार हॉर्न बजाए जाने पर वे नाराज हो गए। गुस्से में आकर उन्होंने वाहन चालक को डराने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे लोगों में भय और दबदबा बनाने के लिए हथियारों और कारतूसों का इस्तेमाल करते थे।
सं.अभयवार्ताजांच में यह भी सामने आया कि घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार राहुल ने अपने पड़ोसी के मौसा से दो दिन पहले चलाने के लिए ली थी। पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित