ग्रेटर नोएडा , मई 18 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में एक विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग दीपिका की मौत के बाद उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। शव पर चोट के भी निशान पाए गए हैं, जिससे मृतका के परिवार ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने सोमवार को संबंधित मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, दीपिका नागर, पुत्री संजय निवासी ग्राम कुड़ी खेड़ा, बादलपुर थाना क्षेत्र की शादी ऋतिक, पुत्र मनोज, जलपुरा निवासी से हुई थी। 17 मई की रात को दीपिका दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर अपने घर की छत से नीचे कूद गई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस परिवार और स्थानीय लोगों से भी मामले में सूचना जुटा रही है, ताकि घटना के पूरे पहलुओं का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित