ग्रेटर नोएडा , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर गांव में बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। दोनों स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 62.500 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 125 करोड़ रुपये है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि, ननवा का राजपुर गांव में खसरा संख्या 40 और 41 की करीब 37,500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। कालोनाइजर इस जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित करने की कोशिश में जुटे थे। और अटाई मुरादपुर गांव में भी कार्रवाई की। यहां खसरा संख्या 626 की करीब 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

दोनों गांवों में कालोनाइजर अधिसूचित क्षेत्र की जमीन पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसाने की तैयारी में थे। इसके लिए जमीन के आसपास बाउंड्री और अन्य अवैध निर्माण किए जा रहे थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। टीम में प्रबंधक राकेश बाबू और मिथिलेश कुमार समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने मौके पर किए गए अवैध निर्माण को बुल्डोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया और जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।

दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई के बाद कुल 62,500 वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई। प्राधिकरण ने इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 125 करोड़ रुपये आंकी है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा करने और निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत प्राधिकरण की टीम लगातार अवैध कब्जों और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चला रही है।

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या अनधिकृत कॉलोनी विकसित करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर जमीन से संबंधित पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों में जमीन खरीदकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। प्राधिकरण की ओर से ऐसे अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित