ग्रेटर नोएडा , जुलाई 08 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचशील ग्रीन सोसाइटी के बाहर बुधवार सुबह सोसाइटी में रहने वाली एक महिला अपनी कार से बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान सोसाइटी के मुख्य गेट से बाहर निकलते समय अचानक उनका पैर कार के एक्सीलेटर पर दब गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर तेज गति से आगे बढ़ी और सर्विस लाइन पर खड़ी एक स्कूटी में जा टकराई।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे में घायल बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बच्चों को केवल हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। समय रहते लोगों की तत्परता और राहत कार्य के कारण कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला चालक सोसाइटी से बाहर निकलते समय वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सकीं और वहां खड़ी स्कूटी से टकरा गई। हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी। टक्कर इतनी तेज थी कि खड़ी स्कूटी उछलकर पास में खड़े दो-तीन बच्चों पर गिर गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल दौड़कर बच्चों को संभाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई।
पुलिस अधिकारियों निर्देशन में पूरे मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के क्रम को स्पष्ट रूप से समझा जा सके। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसके अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि वाहन चलाते समय विशेषकर रिहायशी सोसाइटियों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अत्यधिक सावधानी बरतना आवश्यक है। छोटी-सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित