ग्रेटर नोएडा , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में स्थित क्राउन प्लाजा के पीछे रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि शव मिलने की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके एवं निरीक्षण टीम द्वारा जांच पड़ताल शुरू की गई और शव कब्जे में लेकर पुलिस टीम द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सूरजपुर पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ-साथ अन्य माध्यमों से भी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
इस बीच सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों पर शव के लहूलुहान अवस्था में मिलने संबंधी खबरें प्रसारित हुईं। पुलिस ने इन दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि शव के लहूलुहान होने की सूचना पूरी तरह असत्य, भ्रामक और निराधार है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान कराने और अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित