ग्रेटर नोएडा , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र भनौता गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
मंगलवार को कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रेनो प्राधिकरण सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि यह कार्रवाई भूलेख विभाग और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-दो की ओर से मंगलवार को करीब दो घंटे तक अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराया।
भनौता गांव के खसरा संख्या-135 की भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने की तैयारी में थे। यह जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं अधिसूचित भूमि है, जिस पर बिना अनुमति निर्माण कार्य किया जा रहा था।
वर्क सर्किल-दो के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप यादव के नेतृत्व में सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी, भूलेख विभाग की टीम और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी दी कि दोबारा अवैध निर्माण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में उनकी मेहनत की कमाई न फंसे।
वहीं प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित