ग्रेटर नोएडा , जून 22 -- उत्तरप्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए खोदना गांव खुर्द में बड़ी कार्रवाई की है।

प्राधिकरण की टीम ने करीब छह हजार वर्गमीटर अर्जित भूमि पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। भूमि की अनुमानित कीमत लगभग बारह करोड़ रुपये बताई गई है।

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। खोदना खुर्द गांव स्थित खसरा संख्या-502 की भूमि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त संपत्ति है, जिस पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने का प्रयास कर रहे थे।

अवैध प्लॉटिंग की सूचना मिलने के बाद परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-2 की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजर और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक अभियान चलाया और अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या स्वीकृत नक्शे के किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों के विकास और अनधिकृत निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसीईओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में किसी भी भूमि या प्लॉट की खरीदारी से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से उसकी स्थिति और वैधता की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर अपनी गाढ़ी कमाई जोखिम में न डालें।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा निर्माण या कब्जे की कोशिश करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित