ग्रेटर नोएडा , मई 09 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को अधिसूचित क्षेत्र ननवा का राजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये है।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने शनिवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देश पर यह कार्रवाई भूलेख और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अधिसूचित क्षेत्र ननवा का राजपुर के खसरा नंबर-156 और आसपास की जमीन पर कुछ कालोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग और निर्माण कर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे थे।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध माना जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर नुकसान से बचा जा सके।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अवैध कब्जे और निर्माण की शिकायत मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में करीब दो घंटे तक अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को बुल्डोजर से तोड़ा गया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा निर्माण या कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित