ग्रेटर नोएडा , अगस्त 19 -- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिलासपुर में करीब 24 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण के अनुसार, मुक्त कराई गई जमीन की बाजार कीमत करीब 48 करोड़ रुपये है।प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि बिलासपुर क्षेत्र में कुछ कालोनाइजर अधिसूचित जमीन पर बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे। प्राधिकरण की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिये गये थे, लेकिन निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद बुधवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी।
प्राधिकरण के अनुसार, बिलासपुर के खसरा संख्या 1554 की जमीन पर बाउंड्री और अन्य निर्माण कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाये जाने पर परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल-8 की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के बाद करीब 24,000 वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राधिकरण ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी तरह का निर्माण या अनधिकृत प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर जमीन और संबंधित परियोजना की पूरी जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न फंसाएं।
उन्होंने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सरकारी या प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा करने अथवा अवैध कॉलोनी विकसित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित