ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर स्थित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लंबे समय से लंबित चल रहे आवासीय भूखंड आवंटन के मामले में बड़ी राहत देते हुए सोमवार को डाढ़ा गांव के 17 किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित कर दिये।

प्राधिकरण कार्यालय में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ड्रा आयोजित किया गया।

ड्रॉ प्रक्रिया की जानकारी साझा करते हुए प्राधिकरण अधिकारी ने आज द्वारा बताया गया कि इस ड्रा की प्रक्रिया जेवर विधायक प्रतिनिधि सुरेश शर्मा, ओएसडी रामनयन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (नियोजन) सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार और संदीप रावल सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

अधिकारियों के अनुसार, समान आकार वाले ग्यारह भूखंडों के लिए ड्रा कराया गया, जबकि छह भूखंडों का आकार अलग-अलग होने के कारण उन्हें सीधे संबंधित किसानों को आवंटित कर दिया गया।

बताया गया कि डाढ़ा गांव के किसानों की भूमि अधिग्रहण के बाद से ही छह फीसदी आवासीय भूखंडों का आवंटन लंबे समय से लंबित था। इसको लेकर किसानों ने कई बार प्राधिकरण से मांग उठाई थी और प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी गुहार लगाई थी।

सीईओ के निर्देश पर नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने तेजी से प्रक्रिया पूरी करते हुए आवंटन सुनिश्चित किया। ओएसडी रामनयन सिंह ने कहा कि किसानों को उनका हक दिलाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है और डाढ़ा गांव की तरह अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द ही आबादी भूखंड आवंटित किए जाएंगे।

इस निर्णय से डाढ़ा गांव के किसानों में खुशी का माहौल है और लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग पूरी होने पर उन्होंने प्राधिकरण का आभार जताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित