नोएडा , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने जाली भारतीय करेंसी के कारोबार का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आरोपियों के कब्जे से 200-200 रुपये के कुल 920 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल अंकित कीमत एक लाख 84 हजार रुपये है।

इसके अलावा अपराध से संबंधित एक हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई। आरोपी लोगों को तीन गुना रकम देने का लालच देकर जाली नोटों के बदले असली रुपये हासिल करते थे।

ग्रेटर नोएडा पुलिस उपायुक्त श्रवण कुमार सिंह ने शुक्रवार को संवादाताओं को बताया कि नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोंडली गांव पुस्ता के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह, शशांक गुप्ता, शान्तनु सिंह और वैभव शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से जाली करेंसी और अन्य सामान बरामद कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अर्जुन सिंह जानकारी प्राप्त हुई कि, वर्ष 2024 में अयोध्या की जेल में उसकी मुलाकात कुबेर सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच जाली करेंसी का कारोबार करने की योजना बनी। पुलिस का दावा है कि योजना के तहत कुबेर सिंह, अर्जुन सिंह, शशांक गुप्ता और शान्तनु सिंह जाली नोट तैयार करते थे।

इसके बाद अर्जुन सिंह अपने साथियों शशांक गुप्ता, शान्तनु सिंह और वैभव शुक्ला के साथ मिलकर कथित तौर पर आम लोगों को तीन गुना रुपये देने का झांसा देता था। आरोप है कि इस तरीके से लोगों को जाली नोट देकर उनसे असली रुपये ले लिए जाते थे। अवैध तरीके से हासिल की गई रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन सिंह (22) सुलतानपुर जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के ग्राम ग्वाडिया का निवासी है। उसकी शिक्षा आठवीं तक बताई गई है। शशांक गुप्ता (19) अयोध्या के हैदरगंज गांव का रहने वाला है और बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र बताया गया है। शान्तनु सिंह (19) सीतापुर जिले के ग्राम हरियरपुर का निवासी है और बीए-एलएलबी द्वितीय वर्ष में पढ़ रहा है। वहीं, वैभव शुक्ला (करीब 19) अयोध्या जिले के ग्राम टंडौली का निवासी है और बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित