ग्रेटर नोएडा , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक कलह के चलते एक दंपति ने अपने तीन बच्चों सहित जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि तीनों बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्रांतर्गत सादुल्लापुर गांव में रह रहे एक पांच सदस्यीय परिवार जिसमें पति पत्नी और तीन बच्चे एक घर में रह रहे थे जहां बीती देर रात श्रवण पुत्र अमरनाथ पाल और उनकी पत्नी नीलम ने पारिवारिक कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों मूल रूप से प्रयागराज जिला स्थित असरवाल कला, गांव एयरपोर्ट थाना के निवासी थे।

जहर खाने के बाद दंपति के साथ उनके तीन बच्चे-वैष्णवी (10), वैभव (8)) और लाडो (4) भी गंभीर रूप से बीमार हो गए।

परिजनों द्वारा सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्रवण और नीलम को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं, दंपति के तीनों बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों बच्चे अब खतरे से बाहर हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित