ग्रेटर नोएडा , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज में 19 मई से 21 मई तक तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, कंप्यूटर एवं इंटरनेट के क्षेत्र में हो रहे नवीन परिवर्तनों को शिक्षण पद्धति में शामिल करते हुए पाठ्यक्रम को अधिक व्यवहारिक, रोचक एवं छात्र-केंद्रित बनाना था, ताकि विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता और सीखने की रुचि बढ़ाई जा सके।

गुरुवार को तीन दिवसीय प्रोग्राम के समापन के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में आयोजक शिक्षक डॉक्टर्स ने कहा कि,उन्होंने संस्थान के शिक्षकों को कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने, मूल्यांकन पद्धति तथा पाठ्यक्रम को प्रभावी बनाने जैसे विभिन्न विषयों पर व्यवहारिक एवं आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को बताया कि बदलते समय के साथ शिक्षण पद्धति में नवाचार अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ0 ओमकार के सेट्टी ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से पढ़ाने के लिए सबसे पहले उनकी मनोदशा और सीखने की क्षमता को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम को विद्यार्थियों की रुचि और जरूरतों के अनुसार सरल एवं आधुनिक तकनीकों से युक्त बनाया जाना चाहिए, ताकि छात्रों का कक्षा के प्रति आकर्षण बढ़े। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कक्षा के बाद विद्यार्थियों से फीडबैक लेना चाहिए, जिससे उनके सुझावों के आधार पर समय-समय पर पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलाव किए जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित