नोएडा , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप जलपुरा के पास पार्किंग में एक लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि जलपुरा भारत पेट्रोल पंप के पास स्थित पार्किंग में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराई गई।

मृतक की पहचान गुमशुदा राजीव (40) निवासी ग्राम पिलखुनी, सिढपुरा थाना, जिला कासगंज, हाल निवासी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, कुलेसरा के रूप में हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारीगण तथा एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। टीम ने मौके से संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों का जायजा लिया। पुलिस द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।

ईकोटेक तृतीय थाना पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

राजीव 12 सितंबर की रात बिना बताए अपने घर से कहीं चले गए थे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की गई तथा उनके संबंध में ईकोटेक तृतीय थाना पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित