ग्रेटर नोएडा पश्चिम , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित शाहबेरी इलाके के फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार को भीषण आग लग गई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत एक दुकान से हुई, जो तेजी से आस-पड़ोस की दुकानों तक फैल गई।

यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुयी है। सूचना मिलते ही बिसरख थाना की पुलिस और स्थानीय दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने आग पर काबू पाने के प्रयास तुरंत शुरू कर दिए। वहीं पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग बुझाने में प्राथमिक ध्यान दिया जा रहा है और जैसे ही नियंत्रण में आएगी, नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

बिसरख थाना के अधिकारियों ने घटनास्थल पर निगरानी बढ़ा दी है। उन्होंने लोगों से आग के करीब न जाने और बचाव कार्य में सहयोग देने का अनुरोध किया है। दमकल टीम ने बताया कि तेज़ हवा और बाजार में रखे सामग्री की ज्वलनशीलता के कारण आग फैलने की रफ्तार अधिक थी।

अभी तक आग से हुई आर्थिक और भौतिक क्षति का पूरा आंकलन नहीं किया जा सका है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में कई कीमती फर्नीचर और सामग्री राख हो गई है। प्रशासन ने कहा है कि नुकसान का आंकलन और नुकसान की भरपाई के उपायों की जानकारी जल्द दी जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और दकमल विभाग मिलकर जांच शुरू कर चुके हैं। प्रारंभिक संकेतों के अनुसार यह शॉर्ट सर्किट या किसी लापरवाही के कारण भी हो सकता है, लेकिन निश्चित जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण सामने आएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित