ग्रेटर नोएडा , मई 08 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के नॉलेजपार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक निजी इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो व्यक्तियों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि उसको डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक निजी संस्थान के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो लोगों के शव पड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना नॉलेजपार्क पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान मृतकों की पहचान इंद्र पुत्र निवासी अब्दुल्लापुर, मेरठ तथा शीशपाल निवासी ग्राम इचौंली, मेरठ के रूप में हुई। दोनों की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति करीब दो से तीन दिन पहले ही संस्थान में माली का कार्य करने के लिए आए थे और निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर में ही रह रहे थे।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना फर्दाफाश किया जायेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए कहा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित