ग्रेटर नोएडा , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित दादरी थाना क्षेत्र में घरों में चोरी करने वाले गिरोह के बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
इस दौरान पुलिस ने उसके एक साथी को भी लिया, जबकि दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के जेवरात, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि, शुक्रवार की रात्रि दादरी थाना पुलिस सेक्टर ज्यू-3 के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक कार आती दिखाई दी, जिसमें चार लोग सवार थे। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार बदमाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान अजय (27 वर्ष) के रूप में हुई। वहीं, पकड़े गये एक अन्य बदमाश की पहचान समीर (19 वर्ष) के तौर पर हुई है।। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है। इसके अलावा दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, चार सफेद धातु के सिक्के, पीली धातु की एक अंगूठी, सफेद धातु का एक कड़ा, पीली धातु की चेन का एक टुकड़ा और छह हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले तक वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ओमीक्रोन-1, ओमीक्रोन-2, म्यू-01, म्यू-02 और पिंक सिटी दादरी में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाते थे। मौका देखकर घरों के ताले तोड़ते और नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो जाते थे।
इस गिरोह के खिलाफ दादरी थाने में गत चार सितंबर को दो अलग-अलग चोरी के मुकदमे (मु0अ0सं0 435/2026 और 438/2026), 19 सितंबर को मुकदमा संख्या 468/2026 और छह अक्टूबर को मुकदमा संख्या 497/2026 दर्ज किया गया था। सभी मामले बीएनएस की धारा 305/331(4) के तहत पंजीकृत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित