ग्रेटर नोएडा , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा में संचालित कोचिंग सेंटरों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार से विशेष जांच अभियान शुरू किया,ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ओम टावर के 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की।

प्राधिकरण अधिकारी द्वारा शनिवार को संयुक्त टीम की कार्रवाई की जानकारी दी गई उन्होंने बताया कि, जिलाधिकारी के निर्देशन में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विनोद पांडेय तथा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम के स्थलीय निरीक्षण के दौरान कुछ कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।

जबकि कई संस्थानों में सुरक्षा उपकरणों में गंभीर कमियां मिलीं, टीम ने संबंधित संचालकों को तत्काल आवश्यक अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप स्थापित करने के निर्देश दिए।

दरअसल, हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी कोचिंग सेंटरों को 15 दिनों के भीतर अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान चलाने और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

प्रशासन द्वारा निर्धारित 15 दिन की समयसीमा आगामी सोमवार को समाप्त हो रही है। इसी को देखते हुए शनिवार से निरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। संयुक्त टीम ने जिन कोचिंग सेंटरों में खामियां पाई गईं, उन्हें सोमवार तक सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने का अंतिम अवसर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित