ग्रेटर नोएडा , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के साइट-चार औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक पेंट बनाने वाली फैक्ट्री में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारी बाहर निकल आए।

अग्निशमन विभाग अधिकारी ने कहा कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पेंट, केमिकल और ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

यह घटना ग्रेटर नोएडा साइट चार इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित फैक्ट्री में घटी जो बीटा दो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। आग की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया गया। साथ ही फैक्ट्री के आसपास मौजूद अन्य यूनिटों में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये के कच्चे माल और तैयार उत्पाद आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय अधिकांश कर्मचारी बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संभावना जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन के चलते आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हुए हैं और आग बुझने के बाद फायर विभाग तथा पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जाएगी। प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की अन्य इकाइयों को भी सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित