ग्रेटर नोएडा , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित श्री राधा स्काई गार्डेन्स सोसायटी में होली के दिन उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सुरक्षा गार्डों और कुछ निवासियों के बीच कहासुनी ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरक्षा गार्डों ने लाठियों से कुछ निवासियों की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होली खेलने के दौरान किसी बात को लेकर गार्ड और कुछ युवकों के बीच बहस शुरू हुई। बहस बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान कुछ गार्ड लाठियां लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवारों में दहशत फैल गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक-दूसरे पर लाठियां चला रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं। महिलाएं और बच्चे भी वहां मौजूद थे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। दोनों पक्षों से तहरीर लिए जाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर कार्रवाई की तैयारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित