ग्रेटर नोएडा , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा ईकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र के लुक्सर गाँव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के एक आरोपी को पुलिस ने कल देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी।

पुलिस ने बताया मंगलवार को लुक्सर गांव निवासी नितिन पुत्र फिरे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना ईकोटेक प्रथम थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया और संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू की।

इसी क्रम में पुलिस को पुआरी गांव में स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर घटना में शामिल एक आरोपी मोनू पुत्र सुखवीर निवासी लुक्सर गांव के छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित