ग्रेटर नोएडा , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर की कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र और प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। यह पत्रकार वार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद दौरे से ठीक पहले आयोजित की गई, जिसमें सरकार की नीतियों और जेवर एयरपोर्ट परियोजना को लेकर सवाल उठाए गए।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता, खासकर किसान और स्थानीय निवासी लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं।
दीपक भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री भले ही गौतमबुद्धनगर का बार-बार दौरा करते हों, लेकिन वे कभी किसानों से मिलने या उनकी समस्याएं सुनने का समय नहीं निकालते। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे किसानों और कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाकर दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, जबकि किसानों का शोषण करने वाले अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर दिया जाता है। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मिलकर किसानों के लिए न्याय की मांग करेगा।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के नाम पर स्थानीय किसानों को उजाड़ा गया है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा और अधिकार नहीं मिले।
दीपक भाटी ने आरोप लगाया कि: भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाले दस प्रतिशत भूखंड के मामले वर्षों से लंबित हैं,किसान आबादी निस्तारण के मुद्दे 2017 से अटके हुए हैं,प्रभावित किसानों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा हैकांग्रेस नेताओं ने जनपद की कई अन्य समस्याओं को भी उठाया। उनका कहना है कि:औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिल रही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरणों में भ्रष्टाचार चरम पर है,गांवों में आज भी सीवर, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव हैग्रेटर नोएडा वेस्ट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि मेट्रो के नाम पर लोगों को भ्रमित किया गया, लेकिन अब तक न तो परियोजना पूरी हुई और न ही कई लोगों को उनके फ्लैट का मालिकाना हक मिला। सार्वजनिक परिवहन की भी भारी कमी बताई गई।
दीपक भाटी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है। महंगाई बढ़ रही है, रुपया कमजोर हो रहा है और आम आदमी पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री गंभीर मुद्दों के बजाय चुनावी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
कांग्रेस नेता दुष्यंत नागर ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को भी विफल बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति कमजोर हुई है और पड़ोसी देशों के साथ संबंध संतुलित रखने में सरकार असफल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित