ग्रेटर नोएडा , अगस्त 04 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दादरी थाना क्षेत्र के कोट पुल के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रिठौरा गांव से दादरी की ओर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी छोटी नहर में जा गिरा। हादसे के समय ऑटो में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फँसे सभी पाँचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में ऑटो चालक महेंद्र, उनकी पत्नी शिव कुमारी और बच्चे लावेश, दीपिका व शिवानी घायल हो गए। पुलिस ने सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सभी को मामूली चोटें आई हैं और वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित