नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के अवसर पर ग्रीस के प्रधानमंत्री क्य्रियाकोस मिट्सोटाकिस से मुलाकात की और द्विपक्षीय रणनीति साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। ग्रीस के प्रधानमंत्री सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिन की भारत यात्रा पर हैं। श्री मोदी से उनकी मुलाकात के दौरान ग्रीस के डिजिटल गवर्नेंस मंत्री दिमित्रियॉस पापास्टरजिओ और वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित था। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के समग्र पहलुओं की समीक्षा की और इस बात का उल्लेख किया कि यह साझेदारी विविध क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नए क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने हाल की कनेक्टिविटी पहलों की सराहना की और इन्हें विस्तारित करने की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने यह भी माना कि उच्च स्तरीय हाल के आदान-प्रदान ने रणनीतिक साझेदारी को नई गति दी है और हाल ही के भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित