गौतमबुद्धनगर , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने गुरुवार को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश खाद्य आयुक्त सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों द्वारा आइसक्रीम एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी कर नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। गर्मियों में आइसक्रीम, कुल्फी और ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित लक्ष्मी आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसकैंडी का एक नमूना तथा डिवाइन आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसक्रीम का एक नमूना संग्रहित किया।

वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज एवं रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-64 नोएडा स्थित गोल्ड स्मिथ रिटेल सर्विसेज लिमिटेड की निर्माण इकाई से दूध, क्रीम और निरूला ब्रांड की रेड वेलवेट क्रीम के नमूने लिए। जांच के दौरान रेड वेलवेट क्रीम के लेबल पर आवश्यक सूचनाएं जैसे पोषण संबंधी जानकारी अंकित नहीं पाई गईं, जिसके चलते लगभग 2.3 किलोग्राम के 25 डिब्बों को अग्रिम आदेश तक सीज कर दिया गया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं एसके पाण्डेय की टीम ने सेक्टर-73 नोएडा स्थित क्वार्ले आइसक्रीम से आइसक्रीम का एक नमूना लिया। वहीं सैयद इबादुल्लाह, ओपी सिंह एवं एसके पाण्डेय की संयुक्त टीम ने रोजा जलालपुर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित भवनाथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स निर्माण इकाई से कुल्फी और बादाम शेक के नमूने एकत्र किए।

अभियान के दौरान कुल 08 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतों को लेकर भी विभिन्न स्टोरों पर जांच अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं पाई गई।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी इसी प्रकार सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित