वॉशिंगटन , जनवरी 12 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बार फिर दावा किया कि अमेरिका डेनमार्क के अधीन ग्रीनलैंड को "किसी न किसी तरीके से" हासिल करके ही रहेगा।

श्री ट्रंप ने अपने आधिकारिक विमान एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा कि ग्रीनलैंड के संबंध में वह लीज़ या अल्पकालिक व्यवस्था पर विचार नहीं कर रहे हैं, बल्कि इस क्षेत्र को "अधिग्रहित" करने की बात कर रहे हैं। श्री ट्रंप ने कहा, " हम लीज़ या किसी अल्पकालिक व्यवस्था के बजाय अधिग्रहण की बात कर रहे हैं । हम इसे हासिल करने की बात कर रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि केवल द्वीप पर सैन्य अड्डे बनाए रखना पर्याप्त नहीं है।

श्री ट्रंप ने कहा, "मैं उनके साथ एक समझौता करना चाहूंगा। यह आसान है, लेकिन एक तरह या दूसरी तरह से हमारे पास ग्रीनलैंड होगा।" यह पूछे जाने पर कि क्या ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की मांग नाटो और यूरोपीय सहयोगियों को नुकसान पहुंचाएगी तो श्री ट्रंप ने कहा, "अगर इसका असर नाटो पर पड़ता है, तो पड़ता है, लेकिन सच्चाई यह है कि उन्हें हमारी जरूरत हमसे कहीं ज्यादा है।" उन्होंने दावा किया, "नाटो को मैंने ही बचाया," और फिर यह सवाल उठाया कि जरूरत पड़ने पर क्या नाटो सहयोगी अमेरिका का समर्थन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित