मुरैना , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के माता बसइया थाना क्षेत्र में ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान पुराने चांदी के सिक्के मिलने की सूचना से ग्रामीणों में हलचल मच गई। सिक्के मिलने की खबर के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर कथित खजाने की तलाश में खुदाई करने लगे। प्रशासन ने पुलिस को मामले की जांच कर सिक्के बरामद करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरपुर लोधा के समीप ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान सोमवार को खुदाई में पुराने सिक्के मिलने की सूचना सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और उन्होंने आसपास खुदाई शुरू कर दी।
पुरातत्व अधिकारी अशोक शर्मा के अनुसार खुदाई में मिले एक सिक्के का वजन करीब 11.6 ग्राम है और उसमें लगभग 91 प्रतिशत चांदी होने की जानकारी सामने आई है। सिक्के पर वर्ष 1913 और 'वन रूपी इंडिया' अंकित है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को कुल कितने सिक्के मिले हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मुरैना के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्विनी रावत ने बताया कि जिला प्रशासन को निर्माण कार्य के दौरान पुराने सिक्के मिलने की जानकारी मिली है। संबंधित थाना प्रभारी को मामले की जांच कर सिक्के बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिक्के ब्रिटिशकालीन बताए जा रहे हैं। हालांकि इनकी ऐतिहासिक स्थिति और अन्य विवरण की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित