बारां , मई 15 -- राजस्थान में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाले आयोजन में जिले से 1690 प्रगतिशील एवं नवाचारी किसान शामिल होंगे।

संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार धनराज मीणा ने शुक्रवार को बताया कि तीन दिवसीय एग्रीटेक मीट में जिले से प्रत्येक दिन 550 से अधिक किसान शिरकत करेंगे। इसके लिए विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मीट में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, ड्रोन से छिड़काव, स्मार्ट खेती और नई मशीनरी का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और फसल का बेहतर दाम पाने के तरीके बताएंगे, ताकि किसान बदलते दौर के अनुसार नई तकनीक अपना सकें।

कृषि विभाग ने बताया कि यह मीट किसानों के लिए सीखने का बड़ा अवसर है। बदलते मौसम और बढ़ती लागत के दौर में नवाचार अपनाना जरूरी है, जो किसान नई तकनीक अपनाएंगे, वे कम खर्च में अधिक उत्पादन लेकर आय बढ़ा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित