मैनपुरी , जून 20 -- मैनपुरी जिले की करहल तहसील के ग्राम कनकपुर में ग्राम सभा एवं सुरक्षित श्रेणी की लगभग 50 एकड़ भूमि पर कथित फर्जी प्रविष्टियां कराकर कब्जा किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय समिति गठित कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जनसुनवाई के दौरान ग्राम गम्भीरा निवासी अंकित कुमार ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ग्राम कनकपुर के गाटा संख्या 08, 91 एवं 102 की भूमि पर कथित रूप से फर्जी आदेशों के आधार पर खतौनी में नाम दर्ज करा लिए गए हैं। शिकायत में चकमार्ग के रूप में दर्ज गाटा संख्या-91 तथा खाद के गड्ढों के लिए आरक्षित भूमि पर भी अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में उप जिलाधिकारी करहल, डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, एसओसी चकबंदी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा उप निबंधक करहल को शामिल किया गया है। समिति को सभी अभिलेखों की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षण में ग्राम सभा की भूमि पर फर्जी प्रविष्टियों के माध्यम से कब्जा किए जाने का प्रथम दृष्टया संदेह प्रतीत होता है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो अवैध कब्जाधारकों के साथ-साथ फर्जी प्रविष्टियां कराने में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार कुछ भूमि पर अवैध प्लाटिंग किए जाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए भूमि का बैनामा कर लगभग 23 लाख रुपये प्राप्त किए जाने का भी आरोप है। जिलाधिकारी ने उप निबंधक करहल को निर्देश दिए हैं कि संबंधित गाटा संख्याओं की भूमि का कोई भी बैनामा जिला प्रशासन की अनुमति के बिना न किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ग्राम सभा एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा तथा राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित