बारां , अप्रैल 28 -- राजस्थान में बारां जिले में राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्याें की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से एलईडी मोबाइल वैन आधारित ग्राम रथ अभियान का मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रथों को हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार गरीब और किसानों के हित में निरंतर जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। इन योजनाओं की जानकारी दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणजनों तक ग्राम रथ आमजन के बीच पहुंचकर साझा करेंगे।

किशनगंज-शाहबाद विधायक ललित मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जनहितैषी योजनाओं के साथ बड़ी परियोजनायें कुशलता के साथ संचालित की जा रही हैं। जिनका फायदा मजदूरों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, प्रधान मोरपाल सुमन, जयेश गालव, महावीर सिंह हाड़ा, ओपी पारेता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

इससे पहले जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने ग्राम रथ अभियान के बारे में जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित