टिहरी , मई, 15 -- उत्तराखंड के टिहरी पुलिस लाइन चंबा में शुक्रवार को ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों को आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित करना तथा पुलिस और एसडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।

कार्यक्रम में करीब 50 ग्राम प्रहरियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 20 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भूकंप के समय सुरक्षा उपाय, प्राथमिक उपचार, ब्लीडिंग कंट्रोल, सीपीआर, गला चोक होने की स्थिति में बचाव, अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने और घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से शिफ्ट करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

एसडीआरएफ टीम ने विभिन्न बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर ग्राम प्रहरियों को आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के तरीके समझाए। वहीं अग्निशमन सेवा टीम द्वारा आग लगने की घटनाओं से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आग बुझाने की विधियों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल ग्राम प्रहरियों ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा के दौरान लोगों की सहायता करने में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित