रायबरेली , मई 28 -- उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल छह माह बढ़ाकर जनप्रतिनिधियों के सम्मान और गांवों के विकास को नई गति देने का कार्य किया है। पंचवटी स्थित सेवालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिले के विभिन्न विकास खंडों के प्रधान संघ पदाधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल छह माह बढ़ाए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने में सहायक साबित होगा। राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के ग्राम प्रधान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को विजयी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में प्रधान संघ अध्यक्ष बचरावां अरुण चौधरी, हरचंदपुर के रामचंद्र पासवान, लालगंज के राजेश सिंह, सलोन के रामकुमार जायसवाल, डीह के फूलचंद अवस्थी, सरेनी के मनोज सिंह तथा महराजगंज के अरुण सिंह सहित विभिन्न विकास खंडों के प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित