मधुबनी, मार्च 11 -- बिहार में मधुबनी जिला ग्रामीण सड़कों के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य में राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।

ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण में मधुबनी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार, राज्यभर में कुल 18 हजार 21 ग्रामीण पथों के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिनकी कुल लंबाई लगभग 30 हजार 848 किलोमीटर है। इनमें से अब तक 10 हजार 73 किलोमीटर सड़कों के सुदृढ़ीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इन कार्यों में मधुबनी जिले ने भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 656 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य पूरा किया है। इस उपलब्धि के साथ मधुबनी जिला राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।

ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। इससे किसानों, छात्रों, व्यवसायियों तथा आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिल रही है। साथ ही गांवों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से जोड़ने में भी सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित