चंडीगढ़ , अक्टूबर 25 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, युवाओं को रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार का लक्ष्य गांवों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाकर लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना है। रविवार को सोनीपत के हरसाना कलां गांव में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और ग्राम सभा से प्रस्ताव मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
श्री पंवार ने बताया कि प्रदेश की 6,230 ग्राम पंचायतों, 22 जिला परिषदों और 143 ब्लॉकों के माध्यम से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। गांवों की फिरनियों पर स्ट्रीटलाइट लगाने के लिए 175 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अब तक 908 गांवों में लाइटें लग चुकी हैं, जबकि 500 गांवों में काम जारी है।
उन्होंने कहा कि 75 करोड़ रुपये की लागत से 996 गांवों में अटल पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं और चालू वित्त वर्ष में एक हजार नए पुस्तकालय बनाने का काम चल रहा है। 427 गांवों में करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर जिम बनाए गए हैं, जबकि दूसरे चरण में 234 गांवों को मंजूरी मिली है। इसके अलावा, 647 गांवों में महिला सांस्कृतिक केंद्र और 1,025 गांवों में 411 करोड़ रुपये की लागत से व्यायामशालाएं स्थापित की गई हैं। ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए ई-पुस्तकालय भी सरकार की प्राथमिकता है।
कृषि क्षेत्र पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को सहायता दी जा रही है। पशु किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत करीब दो लाख पशुपालकों को 3,449 करोड़ रुपये का लाभ मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित