पटना, मार्च 20 -- िहार के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से तेजी से सड़कों एवं पुलों का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही इन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है।
विभाग की प्राथमिकता केवल निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करना ही नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि सभी परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार हों। इसी उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों द्वारा राज्य के विभिन्न हिस्सों में निर्माणाधीन पुलों और अन्य परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत कल शेरघाटी प्रमंडल अंतर्गत मोहनपुर में निर्माणाधीन लाडू-कोशिला पुल की तकनीकी जांच की गई। इस दौरान विभागीय अभियंताओं की टीम ने पुल के सबसे अहम हिस्से यानी पाइल की वहन क्षमता और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। इस तकनीकी जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पुल का निर्माण पूरी तरह से निर्धारित मानकों और तकनीकी मापदंडों के अनुरूप हो, जिससे भविष्य में भारी यातायात और बाढ़ जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के दौरान भी यह पूरी तरह टिकाऊ बनी रहे।
वहीं दूसरी ओर सीमांचल के सुदूर इलाकों में भी यातायात को सुलभ बनाने के लिए विभाग पूरी तरह सक्रिय है। इस क्रम में किशनगंज डिवीजन के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत झाला से निसंदरा पथ पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। कल किशनगंज के अधीक्षण अभियंता ने उक्त पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया और तकनीकी मानकों की समीक्षा की।साथ ही साथ इस दौरान उन्होंने संबंधित अभियंताओं और संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गति में तत्काल तेजी लाई जाए, जिससे पुल का निर्माण कार्य ससमय पूर्ण हो सके। इसके साथ ही यह निर्देश भी दिया गया कि कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीण कार्य विभाग राज्य में निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाएं टिकाऊ बनी रहें। विभाग का यह सतत प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों की सुदृढ़ सम्पर्कता और क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित