सागर , फरवरी 28 -- मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य के इंदौर से ग्रामीण परिवहन सेवा शीघ्र शुरू होगी।
श्री सिंह कल गढ़ाकोटा में तीन दिवसीय आयोजित रहस मेले को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आने वाले समय में 200 नये सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जाएंगे, जिसमें 20 करोड़ की लागत से रहली विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर में यह विद्यालय शुरू होगा। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवा को सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए अप्रैल माह से इंदौर से ग्रामीण परिवहन सेवा की शुरुआत होगी, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में लागू होगी।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के पलायन को रोकने का कार्य सरकार द्वारा किया गया है, जिससे अब हमारे सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से अच्छी गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित