कानपुर , अगस्त 20 -- गंगा में प्रदूषण कम करने के लिए कानपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नालों की टैपिंग और उनके शोधन की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की ओर से कराए गए ड्रोन सर्वे में चिह्नित नालों के शोधन के लिए तीन स्थानों पर वेटलैंड विकसित किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल निगम के सहयोग से प्रस्ताव तैयार कर बजट स्वीकृति के लिए राज्य स्वच्छ गंगा मिशन और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा।
गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के ड्रोन सर्वे के आधार पर चिह्नित ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के सहयोग से तीन स्थानों का चयन किया गया है। इन स्थानों पर वेटलैंड निर्माण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद उसे बजट स्वीकृति के लिए संबंधित मिशन को भेजा जाएगा।
बैठक में जिला गंगा योजना के प्रारूप का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी विभागों को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने विभाग से संबंधित कार्यों की निर्धारित टाइमलाइन का सत्यापन करें और आवश्यक आंकड़ों को पूरा कराएं।
उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की जिला गंगा योजना का अंतिम ड्राफ्ट अनुमोदन एवं क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने गंगा संरक्षण से जुड़ी योजनाओं में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक की पूर्व सूचना के बावजूद नगर निगम के सक्षम अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त को भी इस संबंध में पत्र भेजने को कहा।
जिलाधिकारी ने अटल घाट पर गंगा आरती और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति समेत समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित