जयपुर , अगस्त 04 -- राजस्थान में ग्रामीण क्षेत्रों में 15 अगस्त से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध राज्यव्यापी विशेष अभियान शुरू किया जायेगा।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश दिये। श्री दिलावर ने कहा कि 15 अगस्त से राज्यभर के ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के लिए विशेष जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जाये।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए 30 सितंबर तक पॉलिसी का ड्राफ्ट तैयार किया जाये। उन्होंने कहा कि यह नीति भविष्य में प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण तथा उसके विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि अभियान में पंचायती राज संस्थाओं, ग्राम पंचायतों तथा सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाये, ताकि जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

श्री दिलावर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जब तक ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पॉलिसी तैयार होती है, तब तक वर्तमान में लागू नियमों एवं कानूनी प्रावधानों के तहत सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध नियमित निरीक्षण कर प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी सरकारी विभागों एवं कार्यालयों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने के लिए आवश्यक आदेश जारी किये जायें।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय स्वयं सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त कार्यसंस्कृति अपनाकर समाज के लिए प्रेरणा बनें।

उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाये, ताकि आमजन कपड़े, जूट तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण, पशुधन और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयास करते हुए प्लास्टिक मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में ठोस और परिणामान्मुखी कार्य करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित