चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- ) हरियाणा की स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शनिवार को रेवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। गांव काकोड़िया में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने जिला परिषद योजना के तहत लाखों रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। साथ ही 55 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले उप-स्वास्थ्य केंद्र के भवन का शिलान्यास किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए आरती सिंह राव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि दूषित पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन, जोहड़ और श्मशान घाट की चारदीवारी, सार्वजनिक स्थलों पर टीन शेड और चौपाल सहित विभिन्न कार्य ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करवाए गए हैं। इनसे गांवों में आधारभूत ढांचा मजबूत होने के साथ लोगों को रोजमर्रा की सुविधाएं भी मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि काकोड़िया में उप-स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित