पटना , मई 12 -- ्रामीण आधारभूत संरचना के विकास और विभागीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने और भ्रष्टाचार के आरोप में विभाग ने एक कार्यपालक अभियंता को निलंबित कर दिया है, जबकि दो अन्य अभियंताओं के विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि खगड़िया कार्य प्रमंडल के अधीन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना योजनान्तर्गत आनंदपुर मारन परास मुशहरी पथ के निर्माण के लिये बिना स्थल निरीक्षण किए डीपीआर तैयार करने के आरोप में तत्कालीन सहायक अभियंता उज्जवल कुमार एवं तत्कालीन कार्यपालक अभियंता विद्याभूषण कुमार के विरुद्ध आरोप पत्र गठित करते हुए विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है।इसके अतिरिक्त, पथ निर्माण विभाग की एक निविदा में संवेदक के अनुभव प्रमाण पत्र का गलत सत्यापन करने के आरोप में लखीसराय कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आशुतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित