पटना , फरवरी 18 -- बिहार में ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की सुदृढ़ निगरानी के लिये अनुश्रवण एवं मूल्यांकन कोषांग की स्थापना का निर्णय लिया गया है।
बिहार के वैसे सभी ग्रामीण बसावटों को जिसकी आबादी एक सौ से अधिक है, को बारहमासी एकल संपर्कता प्रदान करने के मिशन में जुटे ग्रामीण कार्य विभाग में क्षेत्रीय स्तर पर क्रियान्वित योजनाओं और क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रशासनिक कार्यों के अनुश्रवण के लिए विभागीय स्तर पर विशिष्ट अनुश्रवण एवं मूल्यांकन कोषांग की स्थापना का निर्णय लिया गया है।
अब तक क्षेत्रीय स्तर पर क्रियान्वित किए जा रहे योजनाओं एवं क्षेत्रीय कार्यालयों में हो रहे प्रशासनिक कार्यों के अनुश्रवण के लिये विभाग स्तर पर कोई विशिष्ट कोषांग नहीं थी। इस विशिष्ट कोषांग के माध्यम से ग्रामीण अवसंरचना परियोजनाओं की गुणवत्ता, प्रगति, वित्तीय अनुशासन तथा शिकायत निवारण तंत्र को एकीकृत एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ किया जाएगा।
यह कोषांग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना सहित ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की समेकित निगरानी करेगा। साथ ही, यह भौतिक प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ गुणवत्ता परीक्षण, वित्तीय प्रगति, बिल तैयारी, अंतिम भुगतान तथा बजट उपयोगिता की नियमित जांच भी सुनिश्चित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित