भरतपुर , फरवरी 26 -- राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार को ग्रामीणों ने एक शराब के गोदाम में आग लगा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिनउआ और जरेला गांव के पास शराब के गोदाम का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने अपराह्न इसमें आग लगा दी। इससे करीब 15 लाख रुपये की शराब नष्ट हो गयी। गोदाम में बैठे कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। गोदाम में आग लगाने के बाद ग्रामीण मौके से फरार हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लाठी डंडे से लैस जरेला गांव की करीब 50 महिलाओं और ग्रामीणों ने गोदाम की शटर और जालियों को तोड़ने की कोशिश करते हुए गोदाम के ऊपर रखे छप्पर में आग लगा दी। कुछ देर बाद आग गोदाम के अंदर पहुंच गयी।

गोदाम के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश कि लेकिन, आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग में शराब के साथ गोदाम में रखे डिफ्रिजर सहित अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गोदाम सतीश कुमार जैसवाल के नाम से बताया गया है। शराब के इस गोदाम का ग्रामीण लम्बे समय से विरोध करते हुए इसे हटाने की मांग करते आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित