भरतपुर , जून 16 -- राजस्थान में डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र में बूड़ली गांव में सोमवार देर रात अवैध हथियार के कारोबार में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार करके थाने लाते समय आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस दल पर हमलाकर उसे छुड़ाकर लिया।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि करीब 50 हमलावरों के साथ आरोपी के परिजनों ने पुलिस दल पर हमला करके पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार के कारोबार के आरोप में बुडली गांव निवासी भट्टू को पुलिस ने गांव में दबिश देकर 12 बोर की एक बंदूक के साथ पकड़ लिया। जब वे आरोपी को लेकर थाने लौट रहे थे कि आरोपी के शोर मचाने पर भुट्टू के परिजन और गांव के करीब 50 लोगों ने लाठी डंडे के साथ पुलिस दल पर हमला कर दिया।
इस हमले में सहायक उपनिरीक्षक दशरथ सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, भूपेंद्र सिंह, आरएसी कांस्टेबल सुरेश चंद, कांस्टेबल रघुवीर सिंह घायल हो गये। पुलिस हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित