भरतपुर , मई 20 -- राजस्थान में भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में सीता गांव में मंगलवार देर रात घर में घुसे एक तेंदुए को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस एवं वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस की मौजूदगी में तेंदुए का शव जलाने की भी कोशिश की, लेकिन वन विभाग दल ने शव को आग से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।
सूत्रों ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के साथ तेंदुए की हत्या करके उसका शव जलाने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीता गांव में वनय सिंह के घर में तेंदुआ घुस गया था। विनय सिंह के परिवार ने तेंदुए को देखकर शोर मचाया तो ग्रामीण उसके घर के बाहर इकट्ठा हो गए। जैसे ही तेंदुआ घर से बाहर निकला तो ग्रामीणों ने उसे घेर कर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग का दल और पुलिस मौके पर पहुंची।
उल्लेखनीय है कि पिछले 15 दिन से आसपास के क्षेत्र में इस तेंदुए का आतंक था, जिसकी वजह से काफी दहशत थी। वह कई पालतू जानवरों को अपना शिकार भी बना चुका था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित