श्रीगंगानगर , मई 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले की पदमपुर तहसील की ग्राम पंचायत नरसिंहपुरा में श्री गंगानगर शहर के लिए ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र लगाए जाने के विरोध में नरसिंहपुर बारानी के ग्रामीणों ने बुधवार को आंदोलन शुरू करने का फैसला करते हुए 15 मई से 'गौशाला बचाओ-कचरा संयंत्र हटाओ' महाअभियान शुरु करने की घोषणा की है।
नरसिंहपुर बारानी गांव के ग्रामीणों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उनके गांव के पास श्रीगंगानगर शहर के ठोस कचरा निस्तारण के लिए प्रस्तावित संयंत्र को लेकर वे पिछले कई महीनों से लगातार विरोध कर रहे हैं। गांव के पास ही जिले की सबसे बड़ी गौशाला 'गोविंद गौ धाम' है, जहां करीब 2200 गौवंश हैं। इसके अलावा यहां से निकलने वाली छमासी नहर 50 से अधिक गांवों की सिंचाई और पेयजल व्यवस्था की रीढ़ है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संवेदनशील जगह पर कचरा संयंत्र लगने से गौशाला, नहर और आसपास के इलाके दोनों संकट में पड़ जाएंगे।
नरसिंहपुर बारानी गौ रक्षक दल के संयोजक मैसी चौधरी और महेंद्र खोथ ने बताया कि 15 मई को महाअभियान शुरू होगा। इस दिन सुबह 10 बजे नरसिंहपुर बारानी सहित आसपास के करीब 50 गांवों, चकों और ढाणियों के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य वाहनों से श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय के लिए रवाना होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित