पटना , जून 05 -- बिहार ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने शुक्रवार को कहा कि विभागीय योजनाओं की अब ऑनलाइन निगरानी की जाएगी, इससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समय से पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ेगा। श्री कुमार ने आज ग्रामीण विकास विभाग की ओर से शुरू किए गए केंद्रीकृत ग्रामीण योजना अनुश्रवण एवं क्रियाशीलता पर्यवेक्षण प्रणाली (सीजीआरएम) पोर्टल का उद्घाटन किया।
मंत्री श्री कुमार ने कहा कि प्रधान सचिव और दूसरे अधिकारियों के प्रयासों का ही परिणाम है कि विभाग ने आज एकीकृत डिजिटल योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से लोगों को राज्य की योजनाओं की जानकारी मिलेंगी और लोग अपनी शिकायतें भी पोर्टल पर दर्ज करा पाएंगे। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी के लिए कार्यालय और उसकी अलग-अलग शाखाओं में चक्कर काटना पड़ता था।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास एक महत्वपूर्ण विभाग है। इसमें गांव के गरीबों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन होता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में बिहार ही एक ऐसा राज्य है जहां आवास योजना में गरीबों को अतिरिक्त लाभ दिया जाता है। भूमिहीनों को जमीन खरीदने, 1996 से पूर्व निर्मित क्षत-विक्षत मकानों के मरम्मतीकरण, पीएम आवास योजना से वंचित लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मुहैया कराने के साथ-साथ दूसरी कई ऐसी योजनाएं यहां संचालित हैं। कुछ राज्यों ने बिहार के पदचिन्हों पर चलते हुए कुछ योजनाओं को अब लागू करना शुरू किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित