भरतपुर , मार्च 02 -- राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों और ग्रामीणों में टकराव की स्थिति बन रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शक्करपुर ग्राम पंचायत के पांडरी गांव में अवैध रूप से शराब बेचे जाने की ग्रामीणों ने रूपवास थाने में सोमवार को लिखित शिकायत की तो वहां मौजूद पुलिस अधिकारी ने ग्रामीणों से अवैध शराब बेचे जाने का सुबूत के तौर पर वीडियो बनाकर लाने को कहा।
सूत्रों ने बताया कि इस पर ग्रामीण उखड़ गये और पुलिस अधिकारी से कहा कि यह काम पुलिस का है। इसी के साथ ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जरेला गांव के पास शराब के गोदाम में महिलाओं ने कथित रूप से आग लगा दी थी। इस सम्बन्ध में पुलिस ने कुछ महिलाओं को हिरासत में भी लिया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित