जौनपुर , मार्च 7 -- शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गौ हत्या पूरी तरह बंद कर देगी तो उसका चंदा भी बंद हो जाएगा।
गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध के तहत गौ माता की रक्षा के लिए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शनिवार को वाराणसी से लखनऊ तक धर्म यात्रा की शुरुआत की। जौनपुर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले जमैथा गांव स्थित यमदग्नि ऋषि की तपोभूमि पर पहुंचकर दर्शन और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह सीहीपुर स्थित स्वागत पंडाल पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका स्वागत किया गया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा की ऐसी मान्यता बन गई है कि जो उनकी बात मानेगा वही हिंदू कहलाएगा, अन्यथा उसे हिंदू धर्म से बाहर माना जाएगा। उनका कहना था कि राजनीतिक दल आते-जाते रहते हैं, लेकिन हिंदू अपने सिद्धांतों पर कायम रहेगा।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गौ हत्या करने वालों से चंदा लेकर राजनीति चमकाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार गौ हत्या पर पूरी तरह रोक लगा देगी तो उसे चंदा मिलना बंद हो जाएगा, इसलिए सरकार इस मुद्दे से बचती है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांग मानकर गौ हत्या बंद कर दे तो वह अपनी यात्रा यहीं समाप्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि जो भी दल गाय के हित में काम करेगा, वही उनका समर्थन पाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि सन्यास लेने के बाद किसी संत का राजकाज में लौटना उचित नहीं माना जाता। यदि कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री पद पर रहना चाहता है तो उसे योगी का वेश त्याग देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित